भारतीय क्रिकेटर मो. शमी पहुंचे नैनीताल
नैनीताल।भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और तेज गेंदबाज मो. शमी शनिवार को अचानक यहां स्थित सेंट मैरी कान्वेंट पहुंचे। मो. शमी के साथ छात्राओं ने फोटो खिंचवाकर ऑटोग्राफ लिया। करीब दो घंटे तक वह विद्यालय में रहे और इस दौरान उन्होंने स्टाफ के साथ बात की। वह अपनी भतीजी और चचेरी बहन को लेने के लिए आए थे।
मो. शमी की भतीजी युम्ना फातिमा यहां आठवीं कक्षा की छात्रा हैं, जबकि उनकी चचेरी बहन अमीरा भी कक्षा छह में पढ़ती हैं। युम्ना ने इस बार चाचा से उन्हें लेने के लिए आने को कहा था। शीतावकाश पर भतीजी को सरप्राइज देने के लिए मो. शमी अचानक उन्हें लेने विद्यालय पहुंचे।
मो. शमी ने विद्यालय का भ्रमण किया। साथ ही प्रधानाचार्य सिस्टर मंजुषा व अन्य के साथ विद्यालय में ग्रीन टी व स्नैक्स लिया। वह दोबारा आने का वादा कर नैनीताल से लौट गए। इस मौके पर सिस्टर एलसी, सिस्टर शीबा, सिस्टर कैन्यूला, सिस्टर एनीमा, रवि आदि मौजूद रहे।