एग्रीस्टैक योजना/नक्शा प्रोजेक्ट सम्बन्धी समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई आयोजित
एग्रीस्टैक योजना/नक्शा प्रोजेक्ट सम्बन्धी समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई आयोजित
टिहरी।कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में एग्रीस्टैक योजना एवं नक्शा प्रोजेक्ट से सम्बन्धित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यान एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में जनपद की सभी तहसीलों से तहसीलदार/नायब तहसीलदार सहित कृषि, उद्यान एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए। बैठक के दौरान नगर निकाय नरेन्द्रनगर क्षेत्रान्तर्गत संचालित नक्शा प्रोजेक्ट के कार्यों की अद्यतन स्थिति, अंश निर्धारण की प्रगति, डिजिटल क्रॉप सर्वे की वर्तमान स्थिति तथा फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि एग्रीस्टैक योजना के सफल क्रियान्वयन से किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त किया जा सकेगा तथा कृषि से सम्बन्धित योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से किसानों तक पहुँचेगा। उन्होंने सभी तहसीलों को निर्देशित किया कि नक्शा प्रोजेक्ट, डिजिटल फसल सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक पटवारी क्षेत्र में कैम्प आयोजित करने हेतु सूची समय से उपलब्ध कराने, सभी भू-स्वामियों/किसानों की मैपिंग का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलम्ब स्वीकार्य नहीं होगा और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर कार्यों की निगरानी करें, ताकि एग्रीस्टैक योजना एवं नक्शा प्रोजेक्ट के लक्ष्यों को समय से प्राप्त किया जा सके।

