उत्तराखंड

सूचना विभाग के सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई दी गई

सूचना विभाग के सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई दी गई

देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड मुख्यालय में सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके लंबे, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

समारोह में अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि विजारनिया तथा बद्री चंद सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने श्री भट्ट को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि श्री भट्ट ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सरल व्यवहार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी कार्यशैली और सहयोगात्मक दृष्टिकोण से विभाग को हमेशा लाभ मिला।

संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड दोनों राज्यों में श्री भट्ट के साथ कार्य करने का अवसर मिला। उनका योगदान विभाग के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। वहीं संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने उन्हें एक कुशल एवं जिम्मेदार अधिकारी बताते हुए विभागीय उद्देश्यों की पूर्ति में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

उप निदेशक रवि विजारनिया समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्री भट्ट के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके सौम्य व्यक्तित्व, कार्यकुशलता और सहयोगी स्वभाव की प्रशंसा की।

अपने विदाई संबोधन में ललिता प्रसाद भट्ट ने विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना विभाग में बिताया गया उनका सेवाकाल जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने विभाग में मिले सहयोग, आत्मीयता और टीम भावना को अपनी कार्ययात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *