उत्तराखंड

पांच वर्षों में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा उत्तराखंड : अशोक वर्मा

पांच वर्षों में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा उत्तराखंड : अशोक वर्मा

देहरादून।अशोक वर्मा ने कहा कि “विकल्प रहित संकल्प” के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यसेवक के रूप में अपने कार्यकाल के ऐतिहासिक पांच वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रशासनिक पारदर्शिता के बल पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड को विकास और सुशासन के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य किया है।

अशोक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के पांच वर्षीय कार्यकाल को उत्तराखंड के इतिहास में ऐतिहासिक निर्णयों और दूरदर्शी नीतियों के दौर के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित कई महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री ने मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए ठोस निर्णय लिए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जहां समान नागरिक संहिता को लागू किया गया, जिससे पूरे देश में एक नई बहस और दिशा का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके साथ ही राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून तथा दंगों में हुए नुकसान की भरपाई दोषियों से कराने संबंधी कानून लागू किए गए।

अशोक वर्मा ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा चारधाम सड़क परियोजना जैसी योजनाओं ने पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाया है। वहीं केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य होने से धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि जौलीग्रांट हवाई अड्डा और पंतनगर हवाई अड्डा के विस्तार के साथ-साथ हेलीकॉप्टर सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध हुई है।

अशोक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई नवाचार आधारित नीतियां लागू की हैं। बेहतर प्रबंधन के चलते चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्थानीय रोजगार और व्यापार को मजबूती मिली है। राज्य में ग्रीन हाइड्रोजन नीति को मंजूरी देकर भविष्य की ऊर्जा जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया गया है तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है।

अशोक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज युवाओं के प्रेरणास्रोत और देवभूमि के सच्चे मुख्यसेवक के रूप में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री धामी ने केवल सरकार का संचालन ही नहीं किया, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी रखी है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं देने और उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *