यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी. सी. ध्यानी पहुंचे चम्पावत,दिए ये जरुरी निर्देश
चम्पावत।जनपद के अमोड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के संबंध में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने रविवार को प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार द्वारा विद्युत उपकेंद्र हेतु भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में दिए गए आश्वासन के क्रम में प्रस्तावित भूमि का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर उपकेंद्र की स्थापना से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रबंध निदेशक ने प्रस्तावित भूमि की उपयुक्तता, पहुँच मार्ग, विद्युत अवसंरचना तथा उपकेंद्र निर्माण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाहियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अमोड़ी विद्युत उपकेंद्र हेतु भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्माण कार्य के लिए निविदा संबंधी सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता रुद्रपुर जोन श्री एन. एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता ईडीसी टनकपुर श्री डी. के. जोशी, अधीक्षण अभियंता (सेकेंडरी) श्री अमित कुमार कटारिया, अधीक्षण अभियंता (सिविल) श्री मोहम्मद सलीम, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड चम्पावत श्री विजय कुमार सकारिया तथा अधिशासी अभियंता (सेकेंडरी) श्री डी. डी. पांगती उपस्थित रहे।




