विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस: सीएम धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस: सीएम धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेमनगर आश्रम, हरिद्वार में उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 1947 के भारत विभाजन में जान गंवाने वाले लाखों निर्दोष भारतीयों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल भारत की भौगोलिक सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि करोड़ों लोगों की साझा विरासत, संस्कृति, पहचान और भावनाओं का विस्थापन भी था। लाखों परिवारों को रातों-रात अपना घर-बार छोड़ना पड़ा और विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय ऐतिहासिक है। इसका उद्देश्य विभाजन पीड़ित परिवारों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ नई पीढ़ी को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश अपनी सांस्कृतिक जड़ों और गौरवशाली विरासत से पुनः जुड़ रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, महाकाल लोक और करतारपुर कॉरिडोर जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अपनी विरासत को दिव्यता और भव्यता के साथ पुनर्स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और स्वाभिमान के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। दूरस्थ क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छ पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी कुंभ को ऐतिहासिक, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सरकार विकास के साथ उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रक्तदान शिविर का अवलोकन किया और रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा विभिन्न जनपदों से आए उत्तरांचल पंजाबी महासभा के बुजुर्गों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा सहित मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान, सविता कपूर, उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार फुटेला, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत विभिन्न जनपदों से आए महासभा के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *