विशाल रक्तदान शिविर में 140 यूनिट रक्त एकत्र, 140 लोगों ने किया महादान
विशाल रक्तदान शिविर में 140 यूनिट रक्त एकत्र, 140 लोगों ने किया महादान
देहरादून, 23 अगस्त 2026। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं माननीय जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून श्री हरीश कुमार गोयल के निर्देशानुसार रविवार को देहरादून में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून, समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज तथा आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून श्रीमती सीमा डुंगराकोटी की उपस्थिति में आयोजित रक्तदान शिविर में स्थानीय जनता, एनसीसी के छात्र-छात्राओं, देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों तथा मद्रास इंजीनियर यूनिट के करीब 70 जवानों ने रक्तदान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें शिविर तक पहुंचाया।
शिविर में लगभग 140 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर 140 यूनिट रक्त एकत्र कराया। रक्तदाताओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने रक्तदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने सभी रक्तदाताओं से भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में भागीदारी करने का आह्वान किया।
रक्तदान जीवनदान के समान
सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। रक्तदाता को जहां आत्मिक संतुष्टि और गर्व का अनुभव होता है, वहीं जरूरतमंद मरीज के लिए यह रक्त जीवन की उम्मीद बन जाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि यह सीधे तौर पर जीवनदान से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस प्रकार के रक्तदान अभियानों का आयोजन कर पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है, जिससे दुर्घटना, बीमारी अथवा आपात स्थिति में जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि जब भी उन्हें अवसर मिले, वे स्वयं रक्तदान करें और अपने आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें।
भविष्य में भी आयोजित होंगे रक्तदान अभियान
सचिव ने समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज एवं आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के प्रतिनिधियों से भविष्य में भी समय-समय पर इसी प्रकार के व्यापक रक्तदान अभियान आयोजित करने के लिए सहयोग जारी रखने का आह्वान किया। इस पर संबंधित संस्थाओं की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया दी गई।
बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की ओर से पूर्व में भी आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के सहयोग से रक्तदान अभियान आयोजित किए गए हैं और आगे भी इस प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखा जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत एवं नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
रक्तदान शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी एवं पराविधिक कार्यकर्ता श्री हरिश रांसवाल ने शिविर में पहुंचे लोगों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, 12 सितंबर 2026 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए।
इसके साथ ही उपस्थित लोगों के साथ नशे के दुष्प्रभावों को लेकर चर्चा की गई और युवाओं सहित आमजन को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
दादी प्रकाशमणि को श्रद्धांजलि का प्रयास
रक्तदान शिविर की मुख्य संयोजक बीके सुशील भाई एवं इंचार्ज मंजू दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित यह रक्तदान अभियान नारी शक्ति की प्रेरक एवं राजयोगिनी बीके दादी प्रकाशमणि को श्रद्धा सुमन अर्पित करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
शिविर को सफल बनाने में पराविधिक कार्यकर्ता अंजना रंसवाल एवं मंजू रावत ने भी विशेष योगदान दिया। ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी अभियानों में सहयोग जारी रखने की बात कही गई।
विशाल रक्तदान शिविर ने लोगों को ‘रक्तदान महादान’ का संदेश देते हुए समाज में मानव सेवा और जनकल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
