चम्पावत में पर्यटन सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम, 5 प्रमुख स्थलों पर बनेंगे आधुनिक शौचालय
चम्पावत में पर्यटन सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम, 5 प्रमुख स्थलों पर बनेंगे आधुनिक शौचालय
1.86 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति, 92.98 लाख रुपये अवमुक्त
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों एवं ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के अनुरूप जनपद में पर्यटन सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सचिव, पर्यटन, उत्तराखण्ड शासन द्वारा जनपद के पांच प्रमुख स्थलों पर स्थायी शौचालयों के निर्माण एवं उच्चीकरण के लिए 185.96 लाख रुपये (1 करोड़ 85 लाख 96 हजार रुपये) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके सापेक्ष 92.98 लाख रुपये की धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है।इन कार्यों से पर्यटन स्थलों और प्रमुख आवागमन वाले क्षेत्रों में पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप जनपद में पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। स्थायी शौचालयों के निर्माण एवं उच्चीकरण से पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, सुविधा और आकर्षण में वृद्धि होगी तथा पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी श्रीमती लता बिष्ट ने बताया कि स्वीकृत कार्यों के तहत छतार पुल, चम्पावत के समीप 05 सीट सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए 47.10 लाख रुपये, रीठा साहिब के समीप 08 सीट सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए 50.50 लाख रुपये, पंचेश्वर रोड, लोहाघाट में 08 सीट सुलभ शौचालय के उच्चीकरण के लिए 30.08 लाख रुपये, पाटी में राज्य मार्ग संख्या-10 के समीप 08 सीट सुलभ शौचालय के उच्चीकरण के लिए 30.34 लाख रुपये तथा लोहाघाट बस स्टैंड में 06 सीट शौचालयों के उच्चीकरण के लिए 27.94 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों से जनपद के प्रमुख पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही, बेहतर आधारभूत सुविधाएं पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करेंगी।
