SDO अशोक कुमार के नेतृत्व में कैंप्टी हॉल में यूपीसीएल का विशेष अभियान, 400 मीटरों की रीडिंग जांची

0
IMG-20260903-WA0049

SDO अशोक कुमार के नेतृत्व में कैंप्टी हॉल में यूपीसीएल का विशेष अभियान, 400 मीटरों की रीडिंग जांची

मीटर रीडिंग में गड़बड़ी की शिकायतों पर मौके पर सत्यापन, बिजली चोरी के 3 मामलों में मुकदमा दर्ज

देहरादून/कैंप्टी । उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग और बिलिंग संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के उपखंड चम्बा की ओर से गुरुवार को कैंप्टी हॉल क्षेत्र में विशेष मीटर रीडिंग सत्यापन एवं विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान उपखंड अधिकारी (SDO) चम्बा अशोक कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान करीब 400 विद्युत मीटरों की रीडिंग का मौके पर सत्यापन किया गया। चम्बा, थत्यूड़, नैनबाग सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 15 मीटर रीडरों की संयुक्त टीम को अभियान में लगाया गया। टीम ने घर-घर जाकर मीटरों की वास्तविक रीडिंग का मिलान किया और प्रत्येक मीटर की फोटो लेकर उसका डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया।

अभियान के दौरान कई मीटरों में विभागीय रिकॉर्ड में दर्ज रीडिंग और मौके पर पाई गई वास्तविक रीडिंग में अंतर सामने आया। इन मामलों को चिन्हित कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। यूपीसीएल की इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही बिल उपलब्ध कराने के साथ ही मीटर रीडिंग व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

इसके साथ ही विद्युत अनियमितताओं की जांच के लिए करीब 10 विद्युत कनेक्शनों की चेकिंग भी की गई। चेकिंग के दौरान तीन उपभोक्ताओं के यहां विद्युत चोरी के मामले सामने आए, जिनके विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। संबंधित मामलों में नियमानुसार विभागीय एवं विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अभियान में अवर अभियंता विजय रतौड़ी, थत्यूड़ एवं नैनबाग के अवर अभियंता, उपखंड कार्यालय सहायक प्रदीप मेहरा, करीब 15 मीटर रीडर तथा स्थानीय लाइन स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता की।

SDO अशोक कुमार ने कहा कि यूपीसीएल उपभोक्ताओं को सही एवं पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मीटर रीडिंग, बिलिंग अथवा विद्युत अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। जिन क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां आगे भी इसी तरह के विशेष सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी उपभोक्ता को परेशान करना नहीं, बल्कि सही मीटर रीडिंग, पारदर्शी बिलिंग और विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश सुनिश्चित करना है।

चेकिंग अभियान के दौरान विद्युत चोरी के तीन मामले पकड़े गए। विभाग की ओर से संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। कार्रवाई की जद में आए लोगों के नाम सुरेंद्र सिंह पुत्र खेम सिंह, सुरेंद्र सिंह पुत्र बचन सिंह तथा विनीत सिंह बताए गए हैं। तीनों मामलों में नियमानुसार विभागीय एवं विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *