NIM के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का मुख्यमंत्री धामी ने किया फ्लैग-इन
NIM के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का मुख्यमंत्री धामी ने किया फ्लैग-इन
माउंट एकांकागुआ समेत नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण, पर्वतारोहियों की साहस और टीम भावना की सराहना
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई देते हुए चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि NIM ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित कर रहा है।
एकांकागुआ पर 6,961 मीटर की ऊंचाई पर तिरंगा
NIM और JIM&WS के संयुक्त माउंट एकांकागुआ अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ चोटी पर सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।
नुन-कुन की तीन चोटियों पर सफल आरोहण
NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया। इसके बाद दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया।इस तरह अभियान दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं प्रदान करती हैं। ऐसी उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने के साथ उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में भी सहायक हैं।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित NIM के अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य उपस्थित रहे।
