हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर में विकास परियोजनाओं को गति, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण
हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर में विकास परियोजनाओं को गति, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण
हल्द्वानी/ऊधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाओं, आकर्षक स्वरूप और सुनियोजित विकास से जोड़ने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर जनपद में विभिन्न प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी तथा कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित करने की योजना का निरीक्षण किया गया। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और नारी शक्ति की भावना को प्रदर्शित किया जाएगा।
रामलीला मैदान के समीप स्थित डी.के. पार्क के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। पार्क में आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। इसके अलावा नरीमन क्षेत्र से लगभग 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण एवं हरितीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के लिए इसी माह टेंडर आमंत्रित किए जाने प्रस्तावित हैं।
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सचिव को प्रस्तावित स्थल और उससे संबंधित विभिन्न जानकारियां उपलब्ध कराईं। सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी प्रस्तावित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके बाद ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण करते हुए सचिव ने पूर्व में दिए गए सुझावों एवं आवश्यक संशोधनों को शामिल कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
किच्छा के ग्राम खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बस अड्डे को 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग कार्य शामिल हैं। सचिव ने शेष फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर श्री जय किशन, सचिव श्री पंकज कुमार उपाध्याय, अधीक्षण अभियंता सिंचाई विभाग श्री पी.के. दीक्षित, परियोजना प्रबंधक उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम श्री नरेंद्र नवानी, सहायक अभियंता श्री कैलाश डुंगवाल सहित संयुक्त सचिव श्री ए.पी. वाजपेयी, सहायक अभियंता श्री अभिषेक, अवर अभियंता श्री समीर अहमद तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

