ऋषिकेश में आज विशाल बहुउद्देशीय शिविर, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ
ऋषिकेश में आज विशाल बहुउद्देशीय शिविर, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ
एक ही छत के नीचे मिलेंगी पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान, आधार और स्वास्थ्य जांच सहित कई सरकारी सुविधाएं; मौके पर होगा जनसमस्याओं का समाधान
ऋषिकेश। आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऋषिकेश में मंगलवार, 10 नवंबर को विशाल बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। चंद्रेश्वर नगर स्थित नगर रजत जयंती पार्क में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले इस शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन, पंजीकरण और दस्तावेजों के सत्यापन की सुविधा भी मिलेगी।
शिविर में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग एवं किसान पेंशन से संबंधित आवेदन और स्वीकृति की प्रक्रिया संचालित होगी। दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे तथा जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच, दवाइयां, टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए पोषण संबंधी सेवाओं के साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएगा।
किसानों के लिए कृषि, ग्राम्य विकास और सहकारिता विभाग की ओर से बीज, खाद, कृषि यंत्र, किसान क्रेडिट कार्ड और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मेले और करियर काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके अलावा बिजली बिलों में सुधार, नए बिजली कनेक्शन, पेयजल शिकायतों, सड़क संबंधी समस्याओं और श्रमिक कार्ड से जुड़े मामलों का समाधान किया जाएगा। राजस्व विभाग के माध्यम से आधार कार्ड, आय, जाति, चरित्र एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा निर्विवाद उत्तराधिकार से जुड़े मामलों का निस्तारण होगा। खाद्य आपूर्ति विभाग नए राशन कार्ड बनाने, संशोधन और सत्यापन की सुविधा देगा।
शिविर में बैंकिंग सेवाओं के साथ प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को दिलाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल से आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित होने वाला यह शिविर जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

