पिथौरागढ़ जिले के खुमती में बाल विवाह पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
धारचूला (पिथौरागढ़)। ग्राम पंचायत खुमती में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कहा कि ग्राम पंचायत के अंतर्गत बाल विवाह को रोकने के लिए जन जागरूकता के साथ ही कानूनी कार्रवाई का सहारा भी लिया जाएगा।
जीआईसी खुमती के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र पांडेय और राजकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रेमलाल ने बाल विवाह पर कानूनी जानकारी प्रदान की। प्रधान गोपाल सिंह ने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ग्राम पंचायत के अंतर्गत नाबालिग लड़की, लड़के का विवाह पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
इसके लिए जनजागरूकता लाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई का सहारा भी लिया जाएगा। कहा कि बाल विवाह पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने इस मुहिम में सभी वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधी, समाज सेवियों से सकारात्मक सहयोग देने की अपील की है। कहा कि मुहिम को सफल बनाने के लिए विशेष रणनीति बनाकर काम किया जाएगा। बैठक में उपप्रधान पार्वती देवी, देव राम, ललित धामी, आनंद सिंह, मंगला देवी समेत ग्रामीण मौजूद रहे।

