उत्तराखंड

बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी को मिलेगा उत्तराखण्ड के गांधी इंद्रमणि बड़ोनी सम्मान 2025

बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी को मिलेगा उत्तराखण्ड के गांधी इंद्रमणि बड़ोनी सम्मान 2025 —-

समाज और प्रकृति के प्रति प्रतिबद्धता तथा जन सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्वों को समर्पित “उत्तराखण्ड के गांधी इंद्रमणि बडोनी सम्मान” का तीसरा संस्करण इस वर्ष बीज बचाओ आंदोलन के अग्रदूत विजय जड़धारी जी को प्रदान किया जा रहा है। यह सम्मान उन्हें इंद्रमणि बडोनी जी की पुण्य तिथि पर 18 अगस्त 2025 को देहरादून में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।

यह सम्मान उत्तराखंड के गांधी स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी जी की स्मृति को समर्पित है, जो अपनी दूरदर्शिता, जनआंदोलन और सांस्कृतिक चेतना के लिए आज भी प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। सम्मान की शुरुआत दो वर्ष पूर्व की गई थी।

प्रथम इंद्रमणि बडोनी सम्मान 2023 में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के प्रबल संवाहक प्रख्यात ढोल वादक शिवजनी जी को प्रदान किया गया था।

2024 में द्वितीय सम्मान उत्तराखंड के स्वनामधन्य लोकगायक और सांस्कृतिक क्रांति के प्रतीक नरेंद्र सिंह नेगी जी को प्रदान किया गया।

इस सम्मान के अंतर्गत

₹51,000/- की सम्मान राशि,

” स्मृति पत्र”,

एक स्मृति चिन्ह,

तथा अंगवस्त्र प्रदान किए जाते हैं।

यह सम्मान साहित्य, संगीत, सामाजिक कार्य, जनसरोकार, लोकसंस्कृति, पर्यावरण को समर्पित है।

विजय जड़धारी जी का कार्य बीजों की स्वायत्तता, जैव विविधता की रक्षा, और किसानों के पारंपरिक अधिकारों के लिए एक सशक्त आवाज रहा है। उनका आंदोलन सिर्फ बीजों की रक्षा नहीं, बल्कि स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक बन चुका है। ऐसे समय में जब खेती और किसान लगातार संकट में हैं, विजय जड़धारी जी का कार्य हमें मूल्य आधारित विकास की दिशा की याद दिलाता है।

इंद्रमणि बडोनी सम्मान सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आत्मा, उसके लोक, उसकी भूमि, उसकी अस्मिता और उसके संघर्ष को आदरपूर्वक प्रणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *