CM पुष्कर बोले-‘कल्पना सैनी को प्रत्याशी बनाकर किया मातृशक्ति का सम्मान’
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि उत्तराखंड आंदोलन में मातृशक्ति ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई। इस साल विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। परिणामस्वरूप प्रदेश में लगातार दूसरी बार भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनी। यह मिथक तोडऩे में मातृशक्ति का योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच रही है कि महिलाओं को आगे बढ़ाया जाए। इसी कड़ी में डा कल्पना सैनी को राज्यसभा सीट के लिए प्रत्याशी बनाया गया है। यह पहली बार है, जब पार्टी यहां की मातृशक्ति को राज्यसभा में भी प्रतिनिधित्व देने जा रही है। उन्होंने डा सैनी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्यसभा में पहुंचने पर वह राज्य और केंद्र के मध्य समन्वय का कार्य करेंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा हमेशा से ही मातृशक्ति को आगे बढ़ाने की पक्षधर रही है। पंचायतों में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था भी भाजपा सरकार के समय में हुई। उन्होंने कहा कि अब पार्टी ने उत्तराखंड से रिक्त हो रही राज्यसभा की सीट के चुनाव में डा कल्पना सैनी को प्रत्याशी बनाकर मातृशक्ति का सम्मान किया है।

