MD पेयजल निगम आश्वासन उपरान्त पेयजल निगम कर्मियों का एक दिवसीय धरना स्थगित
MD पेयजल निगम आश्वासन उपरान्त पेयजल निगम कर्मियों का एक दिवसीय धरना स्थगित
प्रबन्ध निदेशक के आश्वासन उपरान्त पेयजल निगम कर्मियों का कल दिनांक 16.01.2026 को आयोजित एक दिवसीय धरना स्थगित।
पेयजल निगम कर्मियों द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कल दिनांक 16.01.2026 को निम्न मांगो के समर्थन में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित था:

1. पेयजल निगम को राजकीय विभाग घोषित किया जाये।
2. राजकीय विभाग घोषित होने तक वेतन/पेंशन का आहरण कोषागार से निर्गत किया जाये।
अथवा
सेंटेज व्यवस्था समाप्त करते हुए पेयजल निगम कार्मिकों के अधिष्ठान व्यय का एकमुश्त प्राविधान करते हुए सचिव (पेयजल) के निर्वतन पर रखा जाये तथा प्रत्येक माह 1 तारीख को नियमित रूप से वेतन/पेंशन का भुगतान किया जाये।
उक्त धरना कार्यक्रम के सन्दर्भ में प्रबन्ध निदेशक श्री रणवीर सिंह चौहान जी द्वारा पहल करते हुये पेयजल कर्मियों को वार्ता हेतु आमंत्रित किया गया तथा उनके द्वारा अनुरोध किया गया कि धरना कार्यक्रम स्थगित कर दिया जाये तथा वर्तमान में प्रस्तावित अन्य आन्दोलन कार्यक्रम भी स्थगित रखे जायें। उनके द्वारा यह अवगत कराया गया कि पूर्व में माननीय केबिनेट द्वारा लिये गये निर्णय के क्रम में जिसके अनुसार पेयजल निगम कार्मिकों को देय वेतन/पेंशन राशि सचिव (पेयजल) के निर्वतन में रखे जाने का प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन है। उक्त प्रस्ताव के क्रम में शासनादेश निर्गत होने पर पेयजल निगम कार्मिकों को समय से वेतन/पेंशन की सुविधा प्राप्त होगी तथा कोई विलम्ब नहीं होगा।
इस सम्बन्ध में समन्वय समिति के पदाधिकारियों द्वारा अनुरोध किया गया कि उक्त प्रस्ताव के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाये कि सेंटेज व्यवस्था समाप्त करते हुए पेयजल निगम कार्मिकों के अधिष्ठान व्यय का एकमुश्त प्राविधान करते हुए सचिव (पेयजल) के निर्वतन पर रखा जाये तथा उक्त व्यय को करने में वित्त विभाग से बार-बार अनुमति की बाध्यता समाप्त की जाये। प्रबन्ध निदेशक महोदय द्वारा उक्त मांग के निस्तारण हेतु सचिव (पेयजल) महोदय से वार्ता कर अंतिम निर्णय लिये जाने तथा वर्तमान में उक्त मांगो के निस्तारण हेतु समय देने का अनुरोध किया गया। उक्त के क्रम में वार्ता उपरान्त समन्वय समिति द्वारा बैठक कर यह निर्णय लिया गया कि वर्तमान में प्रबन्ध निदेशक महोदय द्वारा किये गये अनुरोध एवं आश्वासन के क्रम में कल दिनांक 16.01.2026 को प्रस्तावित एक दिवसीय धरना स्थगित करते हुये प्रबन्धन / शासन को 15 दिन का समय प्रदान किया जाता है। यदि 15 दिनों के अन्दर उक्त पर सकरात्मक निर्णय लेते हुये शासनादेश जारी नहीं किया जाता तो दिनांक 01.02.2026 को समन्वय समिति के प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक कर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार / हडताल पर निर्णय लिया जायेगा, जिसके समस्त जिम्मेदारी शासन / पेयजल निगम प्रशासन की होगी।
प्रबन्ध निदेशक महोदय से वार्ता में प्रबन्धन की तरफ से मुख्य अभियन्ता (मु०) श्री संजय सिंह व महाप्रबन्धक (प्रशासन) श्री सोहित बर्नवाल उपस्थित रहे तथा समन्वय समिति की ओर से अध्यक्ष श्री जितेन्द्र सिंह देव, गौरव बर्थवाल अध्यक्ष कर्मचारी महासंघ, राम कुमार, अजय बेलवाल, सुमित पुन्न, धर्मेन्द्र चौधरी, अजय रावत, संतोष पाण्डेय, लक्ष्मी नारायण भट्ट महामंत्री लाल झण्डा मजदूर यूनियन, अखिलेश जुयाल, भुवन चन्द्र जोशी, भजन सिंह, आदि उपस्थित रहे।

