उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने भूमि हस्तांतरण का आदेश शासन से रद्द करने की मांग की
देहरादून।आज दिनांक 3 फरवरी 2026 को उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा यमुना घाटी प्रथम की कार्यकारिणी बैठक निरीक्षण भवन डाकपत्थर में आयोजित की गई।आज की सभा की अध्यक्षता श्री संजय राणा तथा संचालन मोर्चा संयोजक गोपाल बिहारी के द्वारा किया गया।
आज की बैठक में डाकपत्थर यमुना परियोजना प्रथम की भूमि हस्तांतरण के लिए किए गए शासन आदेश के विरोध में दिनांक 6 फरवरी को डाकपत्थर में राज्य स्तरीय विरोध सभा आयोजित करने की तैयारी हेतुकी गई।

मोर्चा द्वारा अवगत कराया गया की दिनांक 6 फरवरी के कार्यक्रम में ऑल इंडिया पावर इंजीनियर फेडरेशन के अध्यक्ष श्री शैलेंद्रदुबे, मोर्चा के केंद्रीय संयोजक एवं अध्यक्ष श्री इंसारूल हक एवं युद्धवीर सिंह तोमर, समस्त घटक संगठनों के अध्यक्ष तथा महामंत्री एवं पूरी यमुना वैली के सभी कार्मिक उपस्थित रहेंगे। 6 तारीख की विशाल विरोध सभा के द्वारा राज्य सरकार को स्पष्ट कर दिया जाएगा कि इस प्रकार यमुना घाटी प्रथम परियोजना की भूमि को व्यावसायिक कार्यों में प्रयोग करने के लिए किए गए शासन आदेश को निरस्त करने तक आंदोलन को उग्र रूप से चलाया जाएगा। मोर्चा के द्वारा अवगत कराया गया है कि यमुना घाटी परियोजना प्रथम तथा द्वितीय उत्तराखंड तथा हिमाचल प्रदेश की संयुक्त परियोजना है जिसमें 25 प्रतिशत विद्युत हिमाचल प्रदेश को प्रदान की जाती है क्योंकि हिमाचल प्रदेश के क्षेत्र में खोदरी पावर हाउस तथा टनल बनाई गई है
तत्कालीन उत्तर प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश राज्य सरकारों में उस समय यह समझौता हुआ था कि कोई भी मार्ग बंद अथवा व्यवधान पैदा नहीं किया जाएगा किंतु वर्तमान में उत्तराखंड सरकार समझौते का उल्लंघन करते हुए एक तरफा इस भूमि को अन्य कार्य हेतु दे रही है। इस प्रकार की कार्रवाई का घोर विरोध किया जा रहा है।
वर्तमान में राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे बिजली क्षेत्र की निजीकरण, उत्तराखंड राज्य में जल विद्युत परियोजनाओं की भूमि को पर्यटन में अन्य व्यवसाय हेतु ट्रांसफर किया जाने, तथा कार्मिकों की वर्षों से लंबित चली आ रही विभिन्न सेवा संबंधित समस्याओं के विषय में यह सभा महत्वपूर्ण होगी।
मोर्चा के द्वारा इस विषय में राज्य सरकार को पहले ही हड़ताल का नोटिस दे दिया गया है। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय नागरिक व्यापार मंडल तथा आसपास के ग्राम सभा के नागरिकों के द्वारा भी इस प्रकार की कार्रवाई का विरोध किया गया है तथा 6 तारीख को डाकपत्थर में व्यापक रूप से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
आज की सभा में याकूब अली, अभिलाष यादव, भानु प्रताप जोशी, विवेक कुमार, मोहम्मद रियाज, गोविंद सजवान ,पंकज नैथानी, संजय सत्संगी, प्रेम प्रकाश , राजेश तिवारी आदि उपस्थित रहे।

