अधिकारी -कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति, पेयजल निगम का मुख्यालय में धरना प्रदर्शन जारी
अधिकारी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति, पेयजल निगम का मुख्यालय में धरना प्रदर्शन जारी
समिति की पेयजल सचिव से हुई मुलाकात
महासचिव विजय खाली ने कही ये बात
आज विकासनगर, उत्तरकाशी से धरने में आए पेयजल कर्मी
कल उधमसिंहनगर के पेयजल कर्मी पहुंचेगे दून
देहरादून।आज दिनांक 27.02.2026 को अधिकारी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति, उत्तराखण्ड पेयजल निगम, देहरादून के बैनर तले पूर्व प्रस्तावित आन्दोलानत्मक कार्यक्रम के तहत प्रधान कार्यालय, 11-मोहिनी रोड, देहरादून के मुख्यालय परिसर में धरना/प्रदर्शन कार्यक्रम किया गया। छठवें क्रमबद्ध धरने के क्रम में आज जनपद उत्तरकाशी के कार्मिकों के द्वारा धरना प्रदर्शन में भाग लिया गया। इनके सहयोगी के रूप में केन्द्रीय भण्डार शाखा, देहरादून एवं निर्माण इकाई, विकासनगर के कार्मिकों के द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्री चन्द्रशेखर कर्णवाल, सहायक अभियन्ता एवं संचालन श्री आनन्द राजपूत, अध्यक्ष, जल निगम जल संस्थान, मजदूर यूनियन द्वारा किया गया।
धरना/प्रदर्शन कार्यक्रम में उपस्थित श्री महेश भट्ट, जनपद अध्यक्ष, उत्तरकाशी, कर्मचारी महासंघ द्वारा बताया गया कि वर्तमान में पेयजल निगम के अधिष्ठान व्यय एवं वास्तविक अर्जित सेन्टेज के अन्तर की प्रतिपूर्ति भी राज्य सरकार द्वारा की जाती है, परन्तु सेन्टेज / गैप मद की धनराशि से सम्बन्धित पत्रावली धनावंटन हेतु बार-बार उत्तराखण्ड शासन के वित्त विभाग को प्रेषित करनी पड़ती है। उक्त पत्रावलियों के परिचालन में समय लगने के कारण समय से वेतन/पेंशन का भुगतान नहीं हो पाता है।
श्री सुनील कुमार मेहर, जनपद अध्यक्ष, डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, उत्तरकाशी ने अपने वक्तव्य में कहा कि पेयजल निगम में समय पर वेतन इत्यादि न मिल पाने के कारण दक्ष अभियन्ताओं के पलायन की स्थिति बनी रहती है, जिससे पेयजल एवं जलोत्सारण योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु कुशल अभियन्ताओं की कमी होना स्वाभाविक है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव योजना की गुणवत्ता एवं प्रगति पर पड़ता है।
धरने को सम्बोधित करते हुए श्री टी०एस० भण्डारी, सहायक अभियन्ता द्वारा कहा गया कि तत्काल पेयजल निगम का राजकीयकरण किया जाये या कोषागार से वेतन आहरण किया जाये।
क्रमिक धरने के क्रम में 11 मोहिनी रोड़, देहरादून में कल दिनांक 28.02.2026 को जनपद नैनीताल एवं ऊधमसिंहनगर के कार्मिकों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा तथा उनके सहयोग में विश्व बैंक परियोजना इकाई, देहरादून एवं निर्माण इकाई, ऋषिकेश के कार्मिक उपस्थित रहेंगे।
श्री विजय खाली, महासचिव द्वारा बताया गया कि कल सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता, उत्तराखण्ड शासन की अध्यक्षता में हुई त्रिपक्षीय वार्ता में सचिव (पेयजल) द्वारा अवगत कराया गया कि राजकीयकरण व कोषागार से वेतन/पेंशन की मांग पर उत्तराखण्ड पेयजल निगम प्रबन्धन से प्रस्ताव मांगा गया है तथा शीघ्र ही उक्त पर सकारात्मक निर्णय का प्रयास किया जायेगा।
आज के धरना कार्यक्रम में अध्यक्ष, जितेन्द्र सिंह देव, विजय खाली, भुवन चन्द्र जोशी, प्रदीप काला, कुशाल राणा, विश्वनाथ जगूड़ी, पूजा भट्ट, तान्या बधाणी, अदित्ति, कोमल सेमवाल, लक्ष्मीनारायण भट्ट, अरविन्द सजवाण, अर्चना नेगी, मनीष चन्द्र, विजय पाल सजवाण, सुमित धनाई, गिरीश खण्डूडी, अनिल जुयाल, गम्भीर सिंह चौहान, हरीश जोशी, विपित भट्ट, सुनील कुमार आदि वक्तावों ने अपनी बात रखी।

