उत्तराखंड

जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में होली मिलन समारोह का आयोजन

जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में होली मिलन समारोह का आयोजन

देहरादून।जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में होली मिलन समारोह उत्साहपूर्वक और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में रंगों की सुंदर छटा देखने को मिली, जहां छात्रों ने रंग और गुलाल खेलकर होली का आनंद लिया तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम के अंत में इंटर-इंस्टीट्यूशनल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर डॉ. शंकर रामामूर्ति ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा वह माध्यम है, जो जीवन को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मकता के रंगों से भर देती है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करें और समाज में सकारात्मक योगदान दें। कुलपति ने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

इसके पश्चात इंटर-इंस्टीट्यूशनल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को प्रमाणपत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। कुलपति ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने गीत, नृत्य और समूह प्रस्तुतियों सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी उपस्थित शिक्षकों और छात्रों ने भरपूर सराहना की। प्रस्तुतियों ने उत्सव के वातावरण को और अधिक उल्लासपूर्ण बना दिया।

अंत में छात्रों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *