उत्तराखंड

यमकेश्वर के ग्राममाला पहुंचे सीएम धामी, पौधरोपण कर दिया हरित उत्तराखंड का संदेश

यमकेश्वर के ग्राममाला पहुंचे सीएम धामी, पौधरोपण कर दिया हरित उत्तराखंड का संदेश

यमकेश्वर। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने सघन पौधरोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का भ्रमण किया। यहां उन्होंने दुर्लभ औषधीय पौधों, अनुसंधान कार्यों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली तथा परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता, हिमालयी जड़ी-बूटियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और संवर्धन न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देगा, बल्कि हर्बल पर्यटन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश के चुनिंदा हर्बल पार्कों में शामिल है, जहां विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभर रहा है।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *