मुख्यमंत्री के निर्देश पर UPCL में हर मंगलवार ‘समाधान दिवस’, शिकायतों के लिए तय होगी समय-सीमा
Oplus_16908288
मुख्यमंत्री के निर्देश पर UPCL में हर मंगलवार ‘समाधान दिवस’, शिकायतों के लिए तय होगी समय-सीमा
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के प्रत्येक विद्युत वितरण खंड में अब हर मंगलवार ‘समाधान दिवस’ आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है।
30 जुलाई 2026 को सीएम हेल्पलाइन की बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा सभी विभागों को सप्ताह में एक दिन ‘समाधान दिवस’ आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में UPCL ने प्रत्येक विद्युत वितरण खंड में मंगलवार को समाधान दिवस आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। यदि मंगलवार को सार्वजनिक अथवा स्थानीय अवकाश के कारण कार्यालय बंद रहता है, तो अगले कार्य दिवस पर समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।
समाधान दिवस में उपभोक्ताओं को विद्युत बिल, मीटर, विद्युत संयोजन, बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर, लाइन सहित अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं को सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनके लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
UPCL ने समाधान दिवस का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने, संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक शिकायत को निर्धारित रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत की प्रगति और निस्तारण की स्थिति से भी अवगत कराया जाएगा।
इसके अलावा लंबित एवं गंभीर शिकायतों की अलग सूची तैयार कर उनकी नियमित समीक्षा की जाएगी। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की साप्ताहिक रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
UPCL ने स्पष्ट किया है कि समाधान दिवस केवल औपचारिक आयोजन न रहकर उपभोक्ताओं की समस्याओं के वास्तविक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम बनना चाहिए।
