सिडकुल हरिद्वार में 80 MVA ट्रांसफार्मर ट्रिपिंग से हड़कंप, एमडी पीसी ध्यानी ने संभाली कमान
सिडकुल हरिद्वार में 80 MVA ट्रांसफार्मर ट्रिपिंग से हड़कंप, एमडी पीसी ध्यानी ने संभाली कमान
आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए रात 10 बजे उच्चस्तरीय बैठक, 40 MVA अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था
देहरादून।हरिद्वार के 220/132/33 केवी सिडकुल उपसंस्थान में गुरुवार शाम 80 MVA पावर ट्रांसफार्मर के ट्रिप होने की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) और पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (PTCUL) का पूरा अमला तत्काल सक्रिय हो गया। शाम 5:10 बजे प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र, देहरादून को सूचना प्राप्त होने के बाद ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग का कार्य शुरू किया गया। बारिश के कारण बीच-बीच में कार्य प्रभावित होने के बावजूद अधिकारी और तकनीकी टीमें लगातार जुटी रहीं।

संभावित आकस्मिक स्थिति को देखते हुए UPCL एवं PTCUL के एमडी श्री पी.सी. ध्यानी ने रात 10 बजे PTCUL मुख्यालय स्थित प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र में दोनों निगमों के आला अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। बैठक में हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र के परिचालन एवं परीक्षण से जुड़े अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक लाइनों के तत्काल निर्माण, उपलब्ध पारेषण एवं वितरण लाइनों के अधिकतम उपयोग तथा क्षेत्र में मौजूद विद्युत अवसंरचना के बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 220 केवी सिडकुल उपसंस्थान में 40 MVA का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए आवश्यक टीमों को तत्काल मोबिलाइज करने के साथ ही पारेषण एवं वितरण कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि शुक्रवार सुबह से ही आवश्यक संसाधनों को मौके पर पहुंचाया जा सके।
एमडी पीसी ध्यानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि UPCL और PTCUL को एक टीम के रूप में समन्वय के साथ काम करना है, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में उपभोक्ताओं को न्यूनतम परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने 80 MVA के नए ट्रांसफार्मर की आवश्यकता पड़ने पर उसे जल्द से जल्द स्थापित करने में लगने वाले समय को न्यूनतम करने के लिए भी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
ध्यानी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षित रहते हुए सभी आवश्यक कार्य तेजी से पूरा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं से संभावित संकट की स्थिति में धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
