उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन के चुनाव में नई टीम का गठन
उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन के चुनाव में नई टीम का गठन
रमेश बिंजोला संरक्षक, संजय जोशी अध्यक्ष और श्याम सिंह नेगी महामंत्री निर्वाचित
देहरादून, 22 अगस्त। उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन के द्विवर्षीय चुनाव शनिवार को नेहरू कॉलोनी, देहरादून में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी श्री दिनेश पंत एवं सहायक चुनाव अधिकारी श्री लाल बहादुर थापा की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया में संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
चुनाव में श्री रमेश बिंजोला को प्रदेश संरक्षक, श्री संजय जोशी को प्रदेश अध्यक्ष तथा श्री श्याम सिंह नेगी को प्रदेश महामंत्री निर्वाचित किया गया। इनके साथ संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी में विभिन्न पदों पर अन्य पदाधिकारियों का भी निर्वाचन हुआ।
नई कार्यकारिणी में श्री रामचन्द्र सेमवाल प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, श्री शिशुपाल रावत वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, श्री दिवान चौहान प्रदेश उपाध्यक्ष-1 (गढ़वाल) तथा श्री महेश राम प्रदेश उपाध्यक्ष-2 (कुमाऊं) निर्वाचित हुए।
वहीं श्री आशीष तिवाड़ी एवं श्री संजय नेगी को प्रदेश सह सचिव, श्री राजेन्द्र सिंह बिष्ट एवं श्री बलवन्त सिंह को प्रदेश संगठन मंत्री, तथा श्री लाल सिंह रौतेला को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।इसके अलावा श्री सतीश पाधी एवं श्री राम प्रसाद चन्दोला प्रदेश संयुक्त मंत्री, श्री डी.पी. भद्री एवं श्री शिव मोहन प्रदेश कार्यालय मंत्री, श्रीमती सरिता नेगी एवं श्री अनिल उनियाल प्रदेश प्रचार मंत्री तथा श्री राजकुमार अग्रवाल को प्रदेश मीडिया प्रभारी निर्वाचित किया गया।
कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प
चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकजुटता और मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि उत्तराखंड जल संस्थान के कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा। कर्मचारियों के सेवा संबंधी मामलों, लंबित मांगों और अधिकारों की पैरवी के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल कर्मचारियों की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में भी सकारात्मक भूमिका निभाना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन को मजबूत करने और कर्मचारी हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
चुनाव संपन्न होने के बाद संगठन से जुड़े कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए नई कार्यकारिणी से कर्मचारी हितों में प्रभावी एवं सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
