स्मार्ट मीटर से सोलर तक UPCL का बड़ा अभियान, उपभोक्ता हित और कर्मचारी कल्याण पर एमडी ध्यानी का जोर
Oplus_16908288
स्मार्ट मीटर से सोलर तक UPCL का बड़ा अभियान, उपभोक्ता हित और कर्मचारी कल्याण पर एमडी ध्यानी का जोर
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बताया देहरादून शहर की सभी बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाएगा
उपभोक्ता हित, बेहतर विद्युत सेवाएं और कार्मिक कल्याण यूपीसीएल की प्राथमिकता
देहरादून, 22 अगस्त 2026। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की ओर से शनिवार को ऊर्जा भवन स्थित यूपीसीएल के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में प्रिंट, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। पत्रकारों ने यूपीसीएल की कार्यप्रणाली, उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्मार्ट मीटर, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, विद्युत व्यवस्था और कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए निगम की विभिन्न गतिविधियों और उपभोक्ता हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने स्मार्ट मीटर के उपयोग से उपभोक्ताओं को होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत और भुगतान से संबंधित जानकारी अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सकेगी।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने के लिए उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही स्मार्ट एवं प्रीपेड मीटर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा।
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बताया देहरादून शहर की सभी बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाएगा. इसके लिए हालांकि पहले से ही काम चल रहा है. अब प्रयास यह है कि मार्च 2027 से पहले इस काम को पूरा कर लिया जाए. जहां पर भी इसके लिए सड़कें खोदी गई है वहां पर जल्द से जल्द काम को पूरा किया जाए. जिससे लोगों को बारिश में आने वाली समस्या से निजात मिल सके।
एक लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी देते हुए प्रबंध निदेशक ने बताया कि उत्तराखंड में योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा के साथ-साथ बिजली के बिल में भी राहत मिल रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के हजारों परिवारों को बिजली बिल में उल्लेखनीय लाभ मिल रहा है और अनेक परिवारों का बिजली बिल शून्य तक हुआ है।
विद्युत वितरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर
आरडीएसएस योजना के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए पी.सी. ध्यानी ने बताया कि निगम विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न कार्य कर रहा है। इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाओं के रूप में मिल सके।
प्रबंध निदेशक ने निगम की वित्तीय एवं परिचालन स्थिति पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राजस्व संग्रह, बिजली हानि नियंत्रण और पावर परचेज मैनेजमेंट के क्षेत्र में यूपीसीएल लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। निगम का प्रयास है कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों के निस्तारण को प्राथमिकता
प्रेस वार्ता में पत्रकारों ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर भी सवाल किए। इस पर प्रबंध निदेशक ने बताया कि निगम प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। एसीपी, पदोन्नति, पेंशन, नियमितीकरण और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित मामलों में विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों के त्वरित निस्तारण तथा अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पी.सी. ध्यानी ने कहा कि यूपीसीएल का उद्देश्य केवल वित्तीय एवं परिचालन उपलब्धियां हासिल करना नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं और कर्मचारियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि निगम को अधिक आधुनिक, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के साथ-साथ कर्मचारी हितों से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रबंध निदेशक ने मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों के सहज एवं तथ्यपरक तरीके से जवाब दिए और यूपीसीएल द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यूपीसीएल उपभोक्ता सेवाओं, तकनीकी आधुनिकीकरण और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा। अंत में उन्होंने सभी मीडिया एवं पत्रकार बंधुओं का धन्यवाद किया।
