अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ की नई प्रांतीय कार्यकारिणी गठित
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ की नई प्रांतीय कार्यकारिणी गठित
अनिल नौटियाल बने अध्यक्ष,महादेव मैठाणी प्रांतीय महामंत्री निर्वाचित
देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, उत्तराखंड का प्रांतीय एवं जिला सम्मेलन तथा शैक्षिक विचार गोष्ठी हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, लक्ष्मण चौक, देहरादून में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री कुंदन लटवाल तथा पूर्व महापौर देहरादून सुनील उनियाल गामा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शैक्षिक विचार गोष्ठी में SCERT के विषय विशेषज्ञ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख बिंदुओं, उद्देश्यों और प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि कुंदन लटवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और इसे मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
सम्मेलन में अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों पर भी चर्चा हुई। प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजलवाण एवं प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि विभिन्न मांगों को संकलित कर मुख्यमंत्री एवं संबंधित शिक्षा मंत्रियों के समक्ष रखा जाएगा। राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने संगठन, विभागीय अधिकारियों एवं शासन के प्रतिनिधियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता कराने का आश्वासन दिया।
सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से नई प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। अनिल नौटियाल को प्रांतीय अध्यक्ष, महादेव मैठाणी को प्रांतीय महामंत्री तथा मनमोहन सिंह नेगी को प्रांतीय कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
देहरादून जिला कार्यकारिणी में दिनेश डोबरियाल को जिला अध्यक्ष, महावीर सिंह मेहता को जिला महामंत्री तथा गिरीश सेमवाल को जिला कोषाध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम का संचालन सम्मेलन संयोजक एवं जिला अध्यक्ष अनिल कुमार नौटियाल ने किया। सम्मेलन के अंत में पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष स्वर्गीय राजे सिंह नेगी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विभिन्न जनपदों एवं मंडलों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के समापन पर पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवँ सरंक्षक स्वर्गीय श्री राजे सिंह नेगी जी के देहांत होने पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई ।

