‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ को लेकर युवाओं ने रखे विचार, CM धामी बोले- युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ को लेकर युवाओं ने रखे विचार, CM धामी बोले- युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर स्थित निजी विद्यालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों से संवाद किया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखण्ड को लेकर उनकी परिकल्पनाएं जानीं तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मार्गदर्शन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखण्ड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखण्ड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखण्ड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि, खेल, विज्ञान एवं तकनीक सहित प्रत्येक क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजे अपने विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध एवं विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखण्ड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की 5वीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश-दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

हर क्षेत्र में उत्कृष्ट व्यक्ति होता है लीडर

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नेतृत्व क्षमता का महत्व समझाते हुए कहा कि लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाला व्यक्ति अपने क्षेत्र का सच्चा लीडर होता है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed