वेल डन PWD! 7 घंटे में पहाड़ काटकर खोल दिया मसूरी-देहरादून मार्ग

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

वेल डन PWD! 7 घंटे में पहाड़ काटकर खोल दिया मसूरी-देहरादून मार्ग

भारी भूस्खलन से पूरी तरह बंद हो गया था रास्ता

युद्धस्तर पर जुटी टीम ने एकल वाहन आवाजाही लायक बनाई सड़क

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार सुबह मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास बड़ा भूस्खलन हो गया। करीब सुबह पांच बजे हुए भूस्खलन में सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया, जिसके चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मार्ग बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों, स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

भूस्खलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मौके पर पहुंची और सड़क खोलने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया। लगातार बारिश और पहाड़ी से मलबा गिरने के बावजूद विभागीय कर्मचारियों ने करीब सात घंटे तक लगातार मेहनत की। टीम ने पहाड़ को काटकर सड़क का रास्ता तैयार किया और फिलहाल एकल वाहन के आवागमन लायक मार्ग बहाल कर दिया।

PWD की त्वरित कार्रवाई से मार्ग पर फंसे लोगों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, क्षेत्र में बारिश का दौर जारी होने के कारण सड़क पर खतरा अभी बना हुआ है। विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित एवं सामान्य यातायात के लिए तैयार करने का प्रयास जारी है।

भारी बारिश और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच PWD कर्मचारियों की तत्परता और मेहनत से महज कुछ घंटों में बंद मार्ग पर आवाजाही शुरू कराना विभाग की कार्यकुशलता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *