यूपीसीएल में तेज हुए कार्मिक हित के फैसले, 27 पदोन्नतियां और 75 भर्तियां

0
logo

यूपीसीएल में तेज हुए कार्मिक हित के फैसले, 27 पदोन्नतियां और 75 भर्तियां

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में कार्मिकों के हितों को लेकर प्रबंधन ने तेजी से कदम उठाए हैं। प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के निर्देशों के तहत मानव संसाधन विभाग ने पिछले एक माह के दौरान कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण लंबित मामलों का निस्तारण किया है। इससे जहां कार्मिकों को पदोन्नति और वित्तीय लाभ मिला है, वहीं निगम में रिक्त पदों को भरने की दिशा में भी प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

कार्मिक संगठनों के साथ हुई वार्ताओं में उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई करते हुए यूपीसीएल में विभिन्न संवर्गों के 27 पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा सहायक अभियंता और लेखाकार संवर्ग के 37 कार्मिकों के स्थायीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कर आदेश जारी कर दिए गए हैं। लंबे समय से स्थायीकरण की प्रतीक्षा कर रहे कार्मिकों के लिए इसे महत्वपूर्ण राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

इसी क्रम में 36 कार्मिकों को वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ भी प्रदान किया गया है। वित्तीय स्तरोन्नयन से संबंधित आदेश जारी होने के बाद पात्र कर्मचारियों को उनकी सेवा अवधि और निर्धारित नियमों के अनुसार वित्तीय लाभ मिल सकेगा।

75 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

यूपीसीएल में मानव संसाधन को मजबूत करने के लिए 75 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। निगम में विभिन्न स्तरों पर रिक्त पदों को भरने से विभागीय कार्यों को गति मिलने के साथ ही तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी मदद मिलेगी।

प्रबंधन की ओर से कार्मिकों की पदोन्नति, स्थायीकरण और वित्तीय स्तरोन्नयन जैसे मामलों को प्राथमिकता देने के साथ ही नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू करना निगम के मानव संसाधन प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के निर्देशों के बाद कार्मिक संगठनों के साथ संवाद और लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एक माह के भीतर लिए गए इन फैसलों से कर्मचारियों में भी सकारात्मक संदेश गया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में भी कार्मिकों से जुड़े अन्य लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर यूपीसीएल स्तर पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *