श्रीनगर में जल्द बिछेगी सीवर लाइन, STP निर्माण को मिली तकनीकी स्वीकृति
श्रीनगर में जल्द बिछेगी सीवर लाइन, STP निर्माण को मिली तकनीकी स्वीकृति
महापौर आरती भंडारी ने पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक के साथ की बैठक
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम कार्यालय में महापौर आरती भंडारी ने परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई उत्तराखंड पेयजल निगम रवींद्र सिंह गंगारी के साथ बैठक की। बैठक में नगर क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण और जल्द से जल्द सीवर लाइन बिछाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि निगम क्षेत्र में तीन चरणों में एसटीपी निर्माण और सीवर लाइन बिछाने का कार्य प्रस्तावित है। प्रथम चरण के कार्य को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसके लिए धनराशि जारी होने की संभावना है।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि सीवर व्यवस्था मजबूत होने से घरों एवं उद्योगों से निकलने वाले दूषित पानी का वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जा सकेगा तथा उपचारित पानी को पुनः उपयोग में लाया जा सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र को बेहतर सीवर एवं स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
