डीपीएस रानीपुर के 50 वर्ष पूरे, ‘गोल्डन जुबली लिटरेसी फेस्टिवल’ में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने छात्रों को किया प्रेरित
डीपीएस रानीपुर के 50 वर्ष पूरे, ‘गोल्डन जुबली लिटरेसी फेस्टिवल’ में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने छात्रों को किया प्रेरित
हरिद्वार। डीपीएस स्कूल रानीपुर के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘द गोल्डन जुबली लिटरेसी फेस्टिवल-गोल्डन कंटिन्यूम : स्वर्ण अक्षर-2026’ में मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को साहित्य के अध्ययन के साथ अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि किसी संस्था का निर्माण केवल कक्षाओं और भवनों से नहीं होता, बल्कि छात्रों, शिक्षकों और उससे जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के योगदान से होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है, ऐसे समय में साहित्य की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का हिमालय, लोक परंपराएं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत साहित्य के महत्व को और अधिक रेखांकित करती हैं। विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम तक सीमित न रहते हुए अधिक से अधिक साहित्य पढ़ने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।
मुख्य सचिव ने छात्रों से कहा कि वे समय-समय पर स्वयं से तीन सवाल जरूर पूछें—मैंने क्या सीखा, मैंने क्या योगदान दिया और मैंने किसकी मदद की। उन्होंने कहा कि आधुनिकता को अपनाना जरूरी है, लेकिन इसके साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा, जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, सीएफओ बीएचईएल श्री राजेश कुमार द्विवेदी, कार्यकारी निदेशक बीएचईएल श्री रंजन कुमार, डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य श्री अनुपम जग्गा, वाइस प्रिंसिपल डॉ. पविंदर सिंह, वाइस प्रिंसिपल एकेडमिक्स श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव, प्रो-वाइस चेयरमैन श्री एन.एस. राणा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
