विकास योजनाओं के लिए सीएम धामी ने स्वीकृत किए ₹6 करोड़
विकास योजनाओं के लिए सीएम धामी ने स्वीकृत किए ₹6 करोड़
अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, चम्पावत और बागेश्वर में विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों को मिलेगी गति
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं राहत कार्यों के लिए करीब ₹6 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के चिलियानौला में मल्टी स्टोरी पार्किंग के ऊपर सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ₹2.90 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ईष्ट देवी राजराजेश्वरी तालतोली मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹20 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के कालीगूंठ-पूर्णागिरी के विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹66.74 लाख तथा बागेश्वर के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में धर्मस्व विभाग के अंतर्गत मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹2.40 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए भी राहत राशि मंजूर की है।
चमोली जिले में वर्ष 2026-27 में आई प्राकृतिक आपदा में मृत 16 व्यक्तियों के आश्रितों को अनुमन्य राहत राशि के रूप में ₹16 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ तहसील में अतिवृष्टि एवं भूस्खलन से प्रभावित 38 परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवनों में रखे जाने के लिए तीन माह का किराया ₹4,000 प्रतिमाह की दर से कुल ₹4.56 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
पंचायत भवन निर्माण की राशि दोगुनी
मुख्यमंत्री धामी ने ग्राम पंचायतों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राज्य सेक्टर के अंतर्गत पंचायत भवन निर्माण के लिए अनुमन्य धनराशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख करने का अनुमोदन किया है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायत भवनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। धनराशि बढ़ाए जाने से ग्राम पंचायतों को अपने भवनों के निर्माण में सुविधा मिलेगी और पंचायत स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
