मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर 24×7 निगरानी, हादसे रोकने को तैनात होगी टास्क फोर्स

0
FB_IMG_1790484979458

मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर 24×7 निगरानी, हादसे रोकने को तैनात होगी टास्क फोर्स

देहरादून।दिल्ली-देहरादून हाईवे के मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मौके का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग को हादसों के प्रमुख कारणों में पाया गया। डीएम ने इन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए टास्क फोर्स गठित कर 24×7 पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के निर्देश दिए।

ब्लैक स्पॉट से पहले चेक पोस्ट स्थापित कर विशेष रूप से भारी और लोडिंग वाहनों की जांच की जाएगी। इसके अलावा राउंडअबाउट, ट्रैफिक प्रबंधन, पर्याप्त साइनेज, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड ब्रेकर और स्पीड मॉनिटरिंग उपकरण लगाने की योजना तैयार की जाएगी।

डीएम ने एनएच और एनएचआई के अधिकारियों को सड़क की डिजाइन, मोड़, ढलान, विजिबिलिटी और यातायात दबाव का तकनीकी परीक्षण दोबारा करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी समाधान की कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि ब्लैक स्पॉट पर तात्कालिक उपायों के साथ स्थायी तकनीकी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *