पेयजल निगम के अधिकारी-कर्मचारी एकजुट, लंबित मांगों के समाधान के लिए संयुक्त समन्वय समिति ने बनाई रणनीति

0
IMG-20260927-WA0008

पेयजल निगम के अधिकारी-कर्मचारी एकजुट, लंबित मांगों के समाधान के लिए संयुक्त समन्वय समिति ने बनाई रणनीति

आम बैठक में कार्यकारिणी का विस्तार, नए पदाधिकारियों का मनोनयन

राजकीयकरण, कोषागार से वेतन, HRA, वाहन भत्ता एवं NPS से जुड़े प्रकरणों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय

देहरादून, 27 सितंबर।उत्तराखंड पेयजल निगम के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मंच अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति, पेयजल निगम की आम बैठक आज आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रांतीय अध्यक्ष इं0 राम कुमार ने की।

बैठक में पेयजल निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं सेवा संबंधी मांगों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया तथा उनके समाधान के लिए आगामी रणनीति तय की गई। हाल ही में समिति के प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए इं0 राम कुमार को बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

सर्वसम्मति से हुआ कार्यकारिणी का विस्तार

बैठक में विभिन्न घटक संगठनों के प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद समिति की कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से विस्तार किया गया।

समिति में श्री गौरव बर्त्वाल को महासचिव, इं0 जितेन्द्र सिंह देव को संरक्षक तथा इं0 प्रवीण कुमार राय एवं इं0 आलोक कुमार को मुख्य सलाहकार बनाया गया। इं0 राजेश कुमार गुप्ता एवं इं0 अजय बैलवाल को सलाहकार का दायित्व सौंपा गया। इं0 अरविन्द सिंह सजवाण को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, इं0 नीटू सिंह को प्रांतीय प्रचार सचिव तथा इं0 भजन सिंह चौहान को वित्त सचिव मनोनीत किया गया।

विभिन्न घटक संगठनों को प्रतिनिधित्व

समिति को व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न घटक संगठनों के प्रांतीय पदाधिकारियों को शामिल करते हुए संयोजक मंडल का गठन किया गया।
संयोजक मंडल में डिप्लोमा इंजीनियर संघ से इं0 भुवन चंद्र जोशी, कर्मचारी महासंघ से श्री नवीन थापा, जल निगम/जल संस्थान मजदूर यूनियन एवं कर्मचारी संगठन से श्री आनंद राजपूत तथा लाल झंडा मजदूर यूनियन से श्री संतोष पांडे को संयोजक नियुक्त किया गया।श्री चिरंजीव लाल डोभाल एवं श्री लक्ष्मी नारायण भट्ट को सह-संयोजक मनोनीत किया गया।

क्षेत्रीय स्तर पर गढ़वाल अध्यक्ष इं0 सुभाष कोटनाला, कुमाऊं अध्यक्ष इं0 यतेन्द्र सिंह रावत, गढ़वाल सचिव श्री शेखर जोशी तथा कुमाऊं सचिव श्री हिमांशु पाठक मनोनीत किए गए।क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में गढ़वाल से श्री महेश जोशी एवं श्री विनोद डंगवाल तथा कुमाऊं से श्री राजेंद्र आर्य एवं इं0 देवेंद्र आर्य को दायित्व दिया गया।

संविधान निर्माण एवं पंजीकरण की प्रक्रिया होगी शुरू

बैठक में समिति को विधिवत संगठनात्मक स्वरूप प्रदान करने के लिए संविधान निर्माण एवं संगठन के पंजीकरण का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

इं0 प्रवीण कुमार राय को संविधान रचना समिति का अध्यक्ष मनोनीत करते हुए संविधान तैयार करने तथा संगठन के पंजीकरण की कार्यवाही के लिए अधिकृत किया गया।

संविधान रचना समिति के अध्यक्ष द्वारा समन्वय समिति के प्रांतीय अध्यक्ष एवं महासचिव के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संविधान रचना समिति का विस्तार किया जाएगा। इसके बाद संविधान का ड्राफ्ट संयुक्त समन्वय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा तथा अनुमोदन के उपरांत संगठन के पंजीकरण एवं मान्यता की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

राजकीयकरण, कोषागार से वेतन, HRA, वाहन भत्ता और NPS के मुद्दे प्रमुखता से उठेंगे

बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए मकान किराया भत्ता (HRA), वाहन भत्ता/वाहन रख-रखाव भत्ता तथा NPS से आच्छादित कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि NPS से संबंधित शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे आदेशों के संबंध में पेयजल निगम में भी आवश्यक अनुपालन सम्बन्धी कार्यवाही सुनिश्चित की जानी चाहिए। NPS से आच्छादित कार्मिकों के लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए निगम प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जाएगा।

सचिव पेयजल से शीघ्र वार्ता का समय मांगा जाएगा

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति द्वारा शीघ्र ही सचिव, पेयजल से वार्ता के लिए समय लिया जाएगा। वार्ता के दौरान राजकीयकरण, कोषागार से वेतन, HRA, वाहन भत्ता, NPS सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों को क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत कर उनके शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पेयजल निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी घटक संगठन एकजुट होकर कार्य करेंगे तथा आपसी समन्वय के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी।बैठक के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *