चारधाम यात्रा ने रचा नया रिकॉर्ड, अब तक 53.23 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

0
Chardham-min

चारधाम यात्रा ने रचा नया रिकॉर्ड, अब तक 53.23 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार की बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के चलते चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।

बदरीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार 8.41 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7.5 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं केदारनाथ धाम में अब तक 15.57 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

चारों धामों को मिलाकर इस यात्रा काल में अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या करीब 46 लाख थी। यात्रा के लिए अभी करीब डेढ़ माह का समय शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

वहीं, हेमकुंड साहिब यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां अब तक 3 लाख 52 हजार 765 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य और जिला स्तर पर उच्चाधिकारी लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *