15 अक्टूबर तक उत्तराखंड की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा ने दिए सख्त निर्देश
Oplus_16908288
15 अक्टूबर तक उत्तराखंड की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा ने प्रदेश की सभी सड़कों को 15 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त करने के लिए विभाग के सभी डिवीजनों और अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से सड़क मरम्मत और गड्ढों को भरने के कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान पूरा करने को कहा है।
मानसून के दौरान हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके बाद कुमाऊं से गढ़वाल और पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से चलाया जा रहा है। विभागीय स्तर पर पैचवर्क, गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थानीय प्रशासन और नगर निकायों की ओर से भी सड़कों के गड्ढों को भरने और पैचवर्क का कार्य कराया जा रहा है। विभागाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार की ओर से सड़क सुधार अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। विभाग का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा तक प्रदेश की प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त कर आमजन को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
