सीएम धामी से मिला प्रदेश प्रधान संगठन का प्रतिनिधिमंडल, ग्रामीण विकास पर हुई चर्चा
सीएम धामी से मिला प्रदेश प्रधान संगठन का प्रतिनिधिमंडल, ग्रामीण विकास पर हुई चर्चा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश प्रधान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष योगिता केंतुरा रावत के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ग्रामीण विकास, ग्राम पंचायतों की भूमिका और प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। गांवों में जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों को सशक्त बनाकर ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सीएम धामी ने पंचायत प्रतिनिधियों के सुझावों और अनुभवों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश प्रधान संगठन के सहयोग और समन्वय से ग्रामीण विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
इस अवसर पर प्रदेश प्रधान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती योगिता केंतुरा रावत, श्री पंकज पोखरियाल (प्रदेश प्रभारी), श्री ठाकुर कृपाल सिंह (जिलाध्यक्ष, उत्तरकाशी), श्री शुभम मल (संगठन महामंत्री), श्री सुधीर रतूड़ी (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), श्री सुरेंद्र सिंह चौहान (प्रदेश महामंत्री), श्री जसपाल सिंह जस्सी (कुमाऊं मंडल अध्यक्ष), श्री शौर्य लखेड़ा (प्रभारी, कुमाऊं मंडल), श्री नयन कुमार (प्रदेश प्रवक्ता), श्री सुभाष खत्री (ग्राम प्रधान, लासी) एवं श्री संजय राणा (प्रदेश सचिव) उपस्थित रहे।

