बर्नीगाड़ को ₹217 करोड़ की सौगात, राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ; सीएम धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं
बर्नीगाड़ को ₹217 करोड़ की सौगात, राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ; सीएम धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और आठ कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र को शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें भी दीं।
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
जनसेवा शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री, लाभार्थियों को बांटे चेक और उपकरण
मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान इसी संकल्प को साकार करने की पहल है। इसके माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
महाविद्यालय के स्थायी भवन का निर्माण जल्द होगा शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ में राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और इसके स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। राज्य सरकार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और मातृशक्ति का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से आमजन को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों से मातृशक्ति को सशक्त बनाया जा रहा है।
चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बर्नीगाड़ में शुरू की गई विकास योजनाएं क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का बर्नीगाड़ आगमन पर स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दायित्वधारी श्याम डोभाल एवं जगत सिंह चौहान, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।

