यूपीईएस के दीक्षांत समारोह में पहुंचे सीएम धामी, छह विद्यार्थियों को किया सम्मानित

0
FB_IMG_1792734328493

यूपीईएस के दीक्षांत समारोह में पहुंचे सीएम धामी, छह विद्यार्थियों को किया सम्मानित

2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की होगी अहम भूमिका: मुख्यमंत्री

पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को बिधौली, देहरादून स्थित यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से उनके जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। विश्वविद्यालय से निकलने के बाद विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करना होगा। ऐसे में मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की भावना ही सफलता की कुंजी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं और परिश्रम पर विश्वास रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के दम पर विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यूपीईएस से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा एवं कार्यक्षमता से उत्तराखंड सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।

ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। इससे स्पष्ट होता है कि उत्तराखंड के युवा सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूक हैं तथा उनमें सकारात्मक सोच और रचनात्मक दृष्टिकोण है। जागरूक एवं प्रतिभाशाली युवा ही किसी भी राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं।

एआई, डेटा साइंस और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल टेक्नोलॉजी का है। इन क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों के समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। वहीं, युवाओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाना लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सक्षम बनाना है। इसी दिशा में प्रदेश में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि युवा अपने नए विचारों को उद्यम का रूप दे सकें।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से 35 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी योग्यता, मेहनत और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

विद्यार्थियों और अभिभावकों से किया संवाद

दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विद्यार्थियों और उनके परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए अभिभावकों से भी संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी और उनके परिजन उत्साहित नजर आए।

समारोह में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूपीईएस के अध्यक्ष डॉ. राम के. शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय, प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed