विजिलेंस के रडार पर कई अधिकारी-कर्मचारी, शासन से मांगी जांच की अनुमति
देहरादून।उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार अपनी कटिबद्धता जाहिर करती रही है. ऐसे में विजिलेंस भी इस मामले में तमाम शिकायतों के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई में जुटी हुई है. खास बात यह है कि विजिलेंस के रडार पर अब 20 से ज्यादा ऐसे अधिकारी और कर्मचारी आ चुके हैं, जो भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायतों में घिरे हुए हैं।
20 अफसरों कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच:
बड़ी बात यह है कि विजिलेंस ने भ्रष्टाचार की शिकायतों के मामले में इन अधिकारियों के खिलाफ जांच करने को लेकर शासन से अनुमति भी मांग ली है. जाहिर है कि अब विजिलेंस को शासन की अनुमति का इंतजार है, जिसके बाद प्रदेश के 20 से ज्यादा इन अधिकारियों- कर्मचारियों के खिलाफ जांच शुरू हो सकेगी।
विजिलेंस कर रही है कई मामलों की जांच
इससे पहले विजिलेंस राज्य के कई बड़े और महत्वपूर्ण मामलों की भी जांच कर रही है। इनमें कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में अवैध रूप से पेड़ काटने और अवैध निर्माण का मामला शामिल है। हालांकिअब इस मामले में सीबीआई जांच कर रही है। इसके अलावानियुक्तियों में गड़बड़ी मामले पर भी विजिलेंस जांच कर रही है।

