अधिशासी अभियंता के पीछे सहायक अभियंता डंडा लेकर भागा,मुख्य अभियंता से की शिकायत
प्रेषकः-
इं० वैभव गुप्ता, अधिशासी अभियन्ता, सिं०ख०, पी०एम०जी०एस०वाई०, चम्पावत
सेवा में,
मुख्य अभियन्ता, यू०आर०आर०डी०ए०, प्रथम तल, पंचायती राज निदेशालय, आई०टी० पार्क के सामने, सहस्त्रधारा रोड़, देहरादून।
विषय :- अधोहस्ताक्षरी के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट करने के सम्बन्ध में।
महोदय,
उपर्युक्त विषय में सादर अवगत कराना है कि आज दिनांक 05.06.2024 प्रातः 10:30 बजे जब कार्यालय पहुंचा तो खण्ड में कार्यरत सहायक अभियन्ता, श्री संजय तिवारी हाथ में डंडा लेकर कार्यालय से बाहर दौड़ते हुए आये तथा खण्ड के अनुबन्धित वाहन में प्रहार किया तथा वाहन के दरवाजे को कोध में खोलकर मुझे बाहर खींचकर मुझ पर प्रहार किया जिससे मुझे चोट पहुंची है।
श्री तिवारी, सहायक अभियन्ता को कई बार अधोहस्ताक्षरी एवं अधीक्षण अभियन्ता महोदय के स्तर से शासकीय पत्राचार एवं प्रकरणों में उनके द्वारा की जा रही त्रुटियों हेतु चेताया गया है, परन्तु इनकी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया, बार-बार त्रुटियों की पुनरावृत्ति करने पर इनको लापरवाही के लिए अपने पत्रांक 608/1-पी०एम०जी०एस०वाई, दिनांक-03.06.2024 द्वारा सचेत करने पर इनके द्वारा मेरे साथ अभद्र व्यवहार एवं हाथापाई की गयी, इनका इस प्रकार का कृत्य कर्मचारी आचरण संहिता के विरूद्ध एवं राजकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना है, इस प्रकार के कृत्य से बाहरी व्यक्तियों एवं कार्यालय के अन्य कार्मिकों में विपरीत प्रभाव पड़ने के साथ-साथ विभागीय छवि में विपरीत प्रभाव डालना है।

इनके द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार एवं मारपीट से मैं मानसिक रूप से तनाव में हूँ, अतः आपसे अनुरोध है कि इनके विरूद्ध कठोर से कठोर विभागीय कार्यवाही करने की कृपा करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार के निंदनीय कार्य की पुनरावृत्ति पुनः मेरे एवं अन्यों के साथ न होने पाए।

