मुख्य सचिव के आदेश को भी नही मानते पीडब्लूडी ऋषिकेश के अधिकारी,अक्सर कार्यालय से रहते है गायब
ऋषिकेश।उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी अधिकारी और कार्मिकों को समय पर कार्यालय आने तथा आगुन्तकों से प्रति सम्यक व्यवहार अपनाये जाने की के निर्देश दिए थे।लेकिन लोक निर्माण विभाग,ऋषिकेश के अधिकारी मुख्य सचिव के इस आदेश का पालन नही कर रहे है।सरकार के सुशासन के प्रयासों को पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश के अधिकारी पलीता लगा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक कार्य दिवस पर शाम 4 से 5 बजे तक का समय आम जनता की शिकायतें सुनने के लिए निर्धारित हो और इस दौरान अधिकारी अपने कार्यालय में मौजूद रहें। विभिन्न दफ्तरों के बाहर अधिकारियों की नेम प्लेट के साथ इसका उल्लेख भी है, पर अधिकारी हैं कि अपनी कुर्सी से गायब रहते हैं और दुखड़ा रोने आई जनता परेशान होकर शासन-प्रशासन को कोसते हुए इधर-उधर भटकती रहती है।आज पीडब्ल्यूडी अधिकारी तो निजी काम और मीटिग के नाम पर गायब थे ही, साथ में उनके मातहत कनिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों को भी नहीं पता था कि साहब कब तक आएंगे। ऐसे में आमजन कार्यालय के बाहर घंटों खड़े रहकर इंतजार करने को या निराश मुद्रा में वापस लौटने को मजबूर दिखा।
मुख्य सचिव के निर्देश के अनुसार शासकीय कार्यालयों में अनुशासन का माहौल बना रहना आवश्यक है। सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से कार्यालय आएं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि भोजनावकाश आधा घंटे से अधिक न हो। भोजनावकाश पूरा होने के बाद सभी कार्मिक पुनः अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें।

