अधिशासी अभियंता एनएच श्रीनगर के खिलाफ केस पर उत्तराखण्ड लोक निर्माण विभाग संयुक्त महासंघ ने जताई नाराजगी
अधिशासी अभियंता एनएच श्रीनगर के खिलाफ केस पर उत्तराखण्ड लोक निर्माण विभाग संयुक्त महासंघ ने जताई नाराजगी
देहरादून।आज दिनांक 15.09.2025 को उत्तराखण्ड लोक निर्माण विभाग संयुक्त महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष इं०आर०सी०शर्मा की अध्यक्षता में संघ भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में महासंघ के सभी घटक संघटनों द्वारा रोष व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रा०मा०खंड, लो०नि०वि०, श्रीनगर में कार्यरत अधिशासी अभियन्ता के विरूद्ध जिलाधिकारी पौडी गढवाल द्वारा आपदा प्रबन्धन अधिनियम के तहत दर्ज करायी गयी प्राथमिकी को तत्काल वापस लिया जाय। महासंघ द्वारा इस पर तत्काल कार्यवाही न होने पर आन्दोलनात्मक रूख अपनाने की बात कही गयी।

बैठक को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कार्यस्थल पर इंजीनियर्स द्वारा पूर्ण मनोयोग से कार्य करने के उपरान्त भी जिलाधिकारी पौडी द्वारा अधिशासी अभियन्ता के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया जाना अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। उक्त कृत्य से लोक निर्माण विभाग के तकनीकी एंव गैर तकनीकी कार्मिको में रोष व्याप्त है। वक्ताओं द्वारा कहा गया कि प्रान्तीय अभियन्त्रण सेवा संघ लोक निर्माण विभाग के मांग पत्र दिनांक 14.9.2025 के अनुसार यदि अधिशासी अभियन्ता रा०मा० खंड श्रीनगर के विरूद्ध दर्ज प्राथमिकी वापस नहीं ली जाती है तो उत्तराखण्ड लोक निर्माण विभाग संयुक्त महासंघ दिनांक 18.09.2025 को प्रदेश कार्यकारिणी की आकस्मिक बैठक आहूत करते हुए आन्दोलनात्मक कार्यवाही हेतु अग्रिम निर्णय हेतु बाध्य होगा, साथ ही प्रान्तीय अभियन्त्रण सेवा संघ लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार लोक निर्माण विभाग के समस्त कार्मिक विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर कार्य करेगें। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग में मनमाने ढंग से जो प्रशासनिक हस्तक्षेप किया जा रहा है उसके सम्बन्ध में भी बैठक में विस्तृत चर्चा की जायेगी।
बैठक में उत्तराखण्ड लोक निर्माण विभाग संयुक्त महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष इं. आर०सी०शर्मा, उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ लो०नि०वि० के प्रान्तीय अध्यक्ष इं. छबीलदास सैनी, महामंत्री इं. अरविन्द प्रताप सिंह, प्रान्तीय अभियन्त्रण सेवा संघ के प्रान्तीय महासचिव इं. बलराम मिश्रा, उत्तराखण्ड इंजीनियर्स फेडरेशन के प्रान्तीय उपाध्यक्ष (गढवाल) इं. सुरेश तोमर, मिनिस्टीरियल एशोसिएशन के प्रान्तीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत, महामंत्री आर०डी० नौटियाल, प्रमुख / मुख्य अभियन्ता मिनि०संवर्ग के प्रान्तीय महामंत्री केदार सिंह फर्खाण उत्तराखण्ड लो०नि०वि० वृत्तीय मिनि० संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष एवं महासंघ के प्रान्तीय महामंत्री सुरेन्द्र प्रसाद बछेती, लो०नि०वि० वृत्तीय मिनि० संघ के प्रान्तीय महामंत्री विजय टम्टा, उत्तराखण्ड लो०नि०वि० नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री राजेश प्रसाद आदि उपस्थित थे।

