जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कोटद्वार में एडीबी सहायतित पाइपलाइन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश दिए
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कोटद्वार में एडीबी सहायतित पाइपलाइन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश दिए
कोटद्वार।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कोटद्वार में एडीबी सहायतित पाइपलाइन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने 10 निर्माणाधीन वार्डों में खुदी सड़कों को तत्काल पूर्व स्थिति में लाने, कार्य की दैनिक मॉनिटरिंग, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सुपरवाइजरों के नंबर सार्वजनिक रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि लापरवाही से जनता को होने वाली असुविधा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी द्वारा नगर निगम के 23 वार्डों में बिछाई जा रही पाइपलाइन में से 10 वार्डों का उन्होंने विस्तार से निरीक्षण किया और उप-जिलाधिकारी को प्रतिदिन फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। वार्ड 22 में छोड़ी गई निर्माण सामग्री हटाने और शेष सीसी फिलिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वार्ड 18 (शहीद सुशीला देवी मार्ग) पर शिकायतें सुनकर उन्होंने शहरी विकास विभाग, लोनिवि, राजस्व एवं नगर निगम को दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, कॉलेज रोड पर लीक पाइपलाइन को तुरंत ठीक करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता सुमित कुमार, लोकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

