‘स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ’ हुआ नर्सिंग कॉलेज का नाम
‘स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ’ हुआ नर्सिंग कॉलेज का नाम
देहरादून: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला फिर से चर्चाओं में है. हर तरफ मामले की सीबीआई जांच की मांग हो रही है. इसी बीच पूरे मामले पर राज्य सरकार ने मास्टर स्ट्रोक खेलते हुए राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) का नाम परिवर्तित कर दिया है. नर्सिंग कॉलेज का नाम स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) पौड़ी रख दिया है. वहीं, सीएम धामी के निर्देश के बाद शासन ने शासनादेश भी जारी कर दिए हैं.
दरअसल, बीजेपी से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी का दावा करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर की ओर से अंकिता भंडारी को लेकर ऑडियो और वीडियो जारी किए जाने के बाद से ही प्रदेशभर में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है. विपक्षी दलों के साथ ही तमाम सामाजिक संगठन प्रदेशभर में प्रदर्शन करते हुए सीबीआई जांच और वीआईपी के नाम का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं.
वहीं, तमाम विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बीती 6 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था. इस दौरान उन्होंने कहा था कि इस पूरे मामले पर अंकिता भंडारी के माता-पिता जिस भी जांच की बात कहेंगे, उसके कानूनी पहलुओं को देखते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा.
इसके बाद बीती रोज यानी 7 जनवरी को सीएम पुष्कर धामी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की थी. साथ ही उनके मंशा को जाना था. इतना ही नहीं मुलाकात के दौरान सीएम ने अंकिता के माता-पिता को इस बाबत भरोसा जताया था कि वो जो मांग कर रहे हैं, उनकी मांग के आधार पर राज्य सरकार आगे की कार्रवाई करेगा।

