उत्तराखंड

स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में वार्षिकोत्सव सप्ताह का भव्य शुभारंभ

स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में वार्षिकोत्सव सप्ताह का भव्य शुभारंभ

देहरादून।हिमालय आयुर्वेदिक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की स्थापना दिवस के उपलक्ष में स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिकोत्सव सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिभा विकास, खेल भावना, अनुशासन, रचनात्मकता तथा सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना है।

11 फरवरी से 14 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस वार्षिकोत्सव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की उपाध्यक्षा मुख्य अतिथि विदुषी निशंक ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी ही व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का संचार करते हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित आर्यन देव उनियाल ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इससे उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का विकास होता है।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने संस्थान की समग्र एवं मूल्यपरक शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट का प्रस्तुतिकरण किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना एवं अनुशासन का पालन करने का संकल्प लिया। आयोजन के अंतर्गत बैडमिंटन, क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ क्विज, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। तथा इस कार्यक्रम का समापन 16 फरवरी को स्थापना दिवस समारोह के गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में डॉ. जी.एस. इंदौरिया, प्रति कुलपति डॉ. राकेश सुंदरियाल, कुलसचिव अरविंद अरोड़ा, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल, प्राचार्य डॉ. नीरज श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. निशांत राय जैन सहित संस्थान के अनेक शिक्षकगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *