DM स्वाति एस. भदौरिया ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
DM स्वाति एस. भदौरिया ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
देहरादून।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में नगर क्षेत्रों में चल रही योजनाओं, सर्वेक्षण, डीपीआर निर्माण तथा जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सर्वेक्षण, डीपीआर, ग्रैविटी सिस्टम, इंटेक वेल, पंप हाउस सहित सभी तकनीकी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। बताया गया कि अमृत 2.0 का उद्देश्य सभी शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल की सार्वभौमिक पहुंच सुनिश्चित कर शहरों को जल-सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
बैठक में बताया गया कि दुगड्डा पंपिंग पेयजल योजना का कार्य शुरू हो चुका है, जिससे नगर पंचायत दुगड्डा में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
स्वर्गाश्रम-जोंक पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। थलीसैंण पेयजल योजना का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि सतपुली पेयजल योजना के शेष कार्यों में तेजी लाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं के जलस्रोतों का भूजल वैज्ञानिकों से निरीक्षण कराने तथा दीर्घकालिक जल उपलब्धता के लिए स्रोत संरक्षण, स्रोत संवर्धन एवं भूजल पुनर्भरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी और सतत जल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
पौड़ी पंपिंग पेयजल योजना की समीक्षा में अधिकारियों ने 31 अगस्त तक कार्य पूर्ण करने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने वितरण लाइनों के क्लस्टर का वैज्ञानिक ढंग से सुधार कर पेयजल वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने तथा अंतिम छोर तक निर्बाध एवं समान जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल संस्थान एवं जल निगम को नगर क्षेत्रों से सटे ऐसे गांवों को, जिन्हें अमृत 2.0 से जोड़ा जा सकता है, आपसी समन्वय से कार्ययोजना बनाकर अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, अधीक्षण अभियंता मो. मिशम, प्रवीण सैनी, अधिशासी अभियंता टी.एस. रावत, सुभाष चंद्र भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

