हिलजात्रा महोत्सव में सीएम धामी का बड़ा संदेश
हिलजात्रा महोत्सव में सीएम धामी का बड़ा संदेश
पिथौरागढ़ में बाबा गंगनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का संकल्प
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास से पिथौरागढ़ में आयोजित ऐतिहासिक हिलजात्रा महोत्सव को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पिथौरागढ़ की जनता को हिलजात्रा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम जाखनी स्थित बाबा गंगनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों से अधिक समय से मनाया जा रहा हिलजात्रा पर्व पिथौरागढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं की विशिष्ट पहचान है। सोरघाटी की यह ऐतिहासिक हिलजात्रा पहाड़ी जीवन के संघर्ष, साधना तथा कृषि-पशुपालन आधारित ग्रामीण जीवन की विशिष्टताओं को भी प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पूर्वजों की महान परंपराओं से जोड़ने का कार्य करता है। भगवान शिव के गण लखिया भूत का आगमन सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास, विरासत और विश्वास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान, संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। साथ ही हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, हरिपुर यमुना कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर, विवेकानंद कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नया स्वरूप दे रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक पर्व, मेले और त्योहार अपनी मूल पहचान एवं सांस्कृतिक स्वरूप के साथ आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रहें। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसके संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे
