मुख्यमंत्री धामी ने ₹53.72 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री धामी ने ₹53.72 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें रामनगर की सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने, राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, मंदिर सौंदर्यीकरण, सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जनपद के रामनगर (शहर) में सीवरेज योजना (जोन-1) के तहत वर्तमान 7.0 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र के ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण कार्य के लिए ₹42.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता सुविधाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
इसी क्रम में प्रदेश के राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालय एवं जिला कार्यालयों सहित विभिन्न राजस्व कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए ₹10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इससे राजस्व अभिलेखों के संरक्षण एवं कार्यालयों की व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने में सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य माँ आदिशक्ति देवराड़ी देवी पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं प्रांगण विस्तार के लिए कुल ₹98.28 लाख के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में ₹58.968 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
वहीं, देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत ₹142.89 लाख के सापेक्ष अवशेष धनराशि ₹39 लाख की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है। इससे संबंधित शासनादेश जारी हो चुका है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड नैनीडांडा में स्वर्गीय जगमोहन सिंह नेगी (लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट) राज्य मार्ग मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है।
