जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 28 शिकायतें, त्वरित निस्तारण के निर्देश
जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 28 शिकायतें, त्वरित निस्तारण के निर्देश
पौड़ी । जनता की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 28 शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्राम कांडई निवासी विनोद कुमार की सहकारी समिति रैदुल से ऋण स्वीकृति संबंधी शिकायत पर बताया गया कि ऋण सीमा स्वीकृत हो चुकी है और दो दिन के भीतर ऋण स्वीकृत कर दिया जाएगा।
अपर चोपड़ा निवासी गिरीश चंद्र की नाली से अनुचित जल निकासी के कारण मकान को हो रहे नुकसान की शिकायत पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए। आगणन के बावजूद कार्य न होने के मामले में संयुक्त मजिस्ट्रेट को निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
धौलीधार क्षेत्र में गुलदार और भालू से सुरक्षा के लिए तीन सोलर लाइट लगाने तथा वन विभाग को नियमित गश्त, जनजागरूकता और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया। पल्ली मल्ली में आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शीघ्र मरम्मत और जल संस्थान कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों की निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बमणगांव-केवर्स मोटर मार्ग पर मकान के समीप मलबा आने की शिकायत पर संयुक्त मजिस्ट्रेट को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया। घीड़ी की जिला पंचायत लिंक रोड का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए गए। डुंगरी में सिंचाई जल, परसुंडाखाल में विद्युत कार्य के मानदेय, पुण्डरासु में सड़क डामरीकरण एवं चौड़ीकरण तथा चैड़ तल्ला में सुरक्षा दीवार के लिए गूल निर्माण समेत अन्य शिकायतों पर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान ग्राम ओडागाड़ निवासी गिरीश चंद्र और लाजवन्ती देवी के आवासीय भवन के आंशिक क्षतिग्रस्त पाए जाने पर प्रपत्र पी-20 के तहत भवन एवं सामग्री की क्षति के लिए 11,500 रुपये की राहत राशि वितरित की गई। ग्राम कल्डुंग में भैरवनाथ मंदिर मार्ग पर सुरक्षा दीवार, सीसी और रैलिंग निर्माण के लिए करीब 2.50 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया है। ग्राम पंचायत कोट में सारा योजना के तहत जल संवर्धन कार्य के लिए 50 हजार रुपये भुगतान पर सहमति बनी, जबकि शेष कार्य प्रधान और ठेकेदार के समन्वय से पूरा किया जाएगा।
ग्राम उज्याड़ी में लोनिवि की सुरक्षा दीवार गिरने से भवन को उत्पन्न खतरे के मामले में आपदा मद से आगणन की कार्रवाई शुरू की गई। वहीं ग्राम भिंताई मल्ली में दाणोधार-खण्डाह मोटर मार्ग पर पुश्ता ढहने से भवन की सुरक्षा के लिए एसडीएमएफ मद से दो लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया।
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
