ऋषिकेश-डोईवाला में एमडीडीए की कार्रवाई, 3 अवैध निर्माण सील और 2 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
ऋषिकेश-डोईवाला में एमडीडीए की कार्रवाई, 3 अवैध निर्माण सील और 2 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन अवैध निर्माणों को सील किया गया, जबकि दो स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।
सबसे पहले ऋषिकेश के विस्थापित क्षेत्र में कार्रवाई की गई। आमबाग गली नंबर-02 में अमित भाटिया द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को एमडीडीए की टीम ने सील कर दिया। इसी क्षेत्र में राणा जी द्वारा किए जा रहे एक अन्य अवैध निर्माण और पंकज सेठ द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इसके बाद डोईवाला क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। तहसील डोईवाला के शेरगढ़ माजरीग्रांट क्षेत्र में अवतार सिंह एवं प्रमोद पाल द्वारा करीब 10 से 15 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को एमडीडीए की टीम ने ध्वस्त किया।
वहीं फतेहपुर माजरीग्रांट, डोईवाला में मुकेश सकलानी द्वारा करीब 10 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त किया गया।
एमडीडीए के अनुसार, प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग की लगातार निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मामलों में नियमानुसार सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य कार्रवाई की जा रही है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बिना स्वीकृति किए जा रहे अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूखंड खरीदने से पहले भूमि के भू-उपयोग और प्राधिकरण की स्वीकृति की जांच अवश्य करें।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण एवं प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी प्रभावी रूप से जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भवन निर्माण या भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच करने की अपील की।
